बसोली पंचायत के लोगों का एमसी पार्क में धरना चौथे दिन भी जारी

खबर अभी अभी | 24 अगस्त, 2026 | ऊना

बसोली पंचायत के लोगों का ऊना स्थित एमसी पार्क में धरना प्रदर्शन सोमवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से निर्वाचित पंचायत प्रधान को कार्यभार और मंदिर की चाबियां सौंपने की मांग को दोहराया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द मामले का समाधान करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासन द्वारा मंदिर की चाबियां अपने कब्जे में ली गई थीं। चुनाव प्रक्रिया पूरी हुए करीब तीन महीने बीत जाने के बावजूद अभी तक पंचायत को चाबियां और पूरा कार्यभार नहीं सौंपा गया है। लोगों ने इस मामले में राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यदि निर्वाचित प्रधान कांग्रेस समर्थित होता तो कार्यभार तुरंत सौंप दिया जाता, जबकि भाजपा समर्थित प्रधान होने के कारण जानबूझकर देरी की जा रही है। ग्रामीणों ने इसे सत्ता के दुरुपयोग का आरोप बताया।

धरने में शामिल लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार को डीसी ऊना के समक्ष प्रदर्शन के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग करना क्या अपराध है।

बसोली पंचायत के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्वाचित पंचायत प्रधान को बिना किसी देरी के कार्यभार और मंदिर की चाबियां सौंपी जाएं, ताकि पंचायत के विकास और अन्य कार्य सुचारू रूप से चल सकें।

Share the news