
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। जिला में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को लेकर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अभिभावकों से स्वेच्छा से आगे आकर पात्र बच्चियों का टीकाकरण करवाने की अपील की है। उपायुक्त मंगलवार को मंडी में एचपीवी टीकाकरण अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके बेहतर स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और टीकाकरण से जुड़ी सही जानकारी स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त करें।
मंडी में 3,445 बच्चियों का टीकाकरण
उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला में अब तक 3,445 बच्चियों का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र किशोरियों को इस सुरक्षा कवच का लाभ मिले।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्कूल प्रबंधन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में भी एचपीवी टीकाकरण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक पात्र बच्चियों को अभियान से जोड़ा जाए।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में मददगार है एचपीवी टीका
एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकते हैं। एचपीवी टीकाकरण इस वायरस से होने वाले संक्रमण से बचाव में मदद करता है। किशोरावस्था में टीकाकरण करवाना भविष्य में बेहतर सुरक्षा प्रदान करने में सहायक हो सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि टीकाकरण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक जानकारियों और अफवाहों से अभिभावकों को बचना चाहिए। बच्चियों के टीकाकरण से संबंधित सही जानकारी के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पात्र बच्चियों के अभिभावकों से अभियान में सहयोग करने और अपनी बच्चियों का टीकाकरण करवाने का आग्रह किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश महंत ने बैठक में जिला में चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की विस्तृत जानकारी दी और अब तक की प्रगति से अवगत करवाया।
बैठक में सीएमओ मंडी डॉ. अशोक चौहान, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरिंदम राय, डीपीओ आईसीडीएस अजय बडरेल सहित जिला के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) उपस्थित रहे।





