
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। मंडी जिला में 18 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान जिले में 1 से 19 वर्ष तक की आयु के 2,18,561 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 1 से 5 वर्ष की आयु के 56,505 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंगलवार को अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना उनके बेहतर स्वास्थ्य तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 18 सितंबर को अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने के लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त ने बताया कि एल्बेंडाजोल की दवा जिले के सभी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचा दी गई है। अभियान के तहत पात्र बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में स्वास्थ्य कर्मियों एवं अध्यापकों की निगरानी में दवा खिलाई जाएगी।
23 सितंबर को होगा मॉप-अप डे
उपायुक्त ने बताया कि यदि कोई बच्चा किसी कारणवश 18 सितंबर को कृमिनाशक दवा लेने से छूट जाता है, तो उसे 23 सितंबर को मॉप-अप डे के दौरान दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करें। अधिकारियों को अभियान से संबंधित एक्शन प्लान एसडीएम, सीएमओ, उपनिदेशक प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा, डीपीओ आईसीडीएस, सभी बीएमओ और बीडीओ के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साझा करने के निर्देश भी दिए गए।
कृमिनाशक दवा से बच्चों को होंगे लाभ
कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कमजोरी, खून की कमी, पेट दर्द और भूख में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसका बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कृमिनाशक दवा बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और स्वस्थ विकास में मदद करती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश महंत ने बताया कि 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली तथा 2 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। दवा को पीसकर या चबाकर ही खिलाया जाएगा।
एल्बेंडाजोल के सेवन और इसके प्रयोग से संबंधित जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश महंत के मोबाइल नंबर 8219282530 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. अशोक चौहान, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरिंदम राय, डीपीओ आईसीडीएस अजय बदरेल सहित जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) उपस्थित रहे।





