
खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | मनाली

मनाली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए 16.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने पर प्रदेश इंटक प्रवक्ता डीआर जोशी ने प्रदेश सरकार और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ का आभार जताया है।
डीआर जोशी ने कहा कि सरकार की इस पहल से मनाली विधानसभा क्षेत्र में सड़क, यातायात और तकनीकी शिक्षा से जुड़े विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से सड़कों की स्थिति में सुधार होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ मनाली पहुंचने वाले हजारों पर्यटकों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि कुल 16.50 करोड़ रुपये में से कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक सड़क की मेटलिंग एवं टायरिंग के लिए 8 करोड़ रुपये, मनाली बाईपास सड़क के लिए 5 करोड़ रुपये तथा राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान सेउबाग के लिए 3.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जोशी ने कहा कि लेफ्ट बैंक और मनाली बाईपास सड़क के कार्य पूरे होने से मनाली की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। इससे लंबे समय से बनी जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन, दोनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि राजकीय पॉलिटेक्निक सेउबाग के लिए स्वीकृत 3.50 करोड़ रुपये की राशि से संस्थान में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर तकनीकी शिक्षा का वातावरण उपलब्ध होगा और युवाओं के लिए शिक्षा के अवसर और मजबूत होंगे।
डीआर जोशी ने कहा कि 16.50 करोड़ रुपये की यह स्वीकृति मनाली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस सौगात के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।





