
12/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी
हिमाचल में मानसून का कहर जारी: एक सप्ताह तक नहीं मिलेगी राहत, 14 अगस्त को सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट
शिमला: मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने कहा हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 12 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 13 अगस्त को सिरमौर, सोलन, चंबा और बिलासपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि 14 अगस्त को सिरमौर जिले के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद भी 18 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के आसपास जाने से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें तथा खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले तीन दिनों में 204 सड़कें बंद हो गई हैं, 45 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं और 84 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
मानसून की मार से हिमाचल प्रदेश को अब तक भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। बारिश, भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं से सरकारी एवं निजी संपत्ति को लगभग 910 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील कर रहा है।






