
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल जन्मदिवस कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा भावना को मजबूत करने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में सोमवार को प्रदेश स्तरीय मैराथन बैठकों का आयोजन डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में किया गया। बैठकों में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर, सुरेश भारद्वाज, सतपाल सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, वरिष्ठ नेता सुरेश चंदेल, शिशु धर्मा और पायल वैद्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के पहले चरण में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसके बाद दोपहर 3 बजे भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आंदोलनों की रणनीति पर चर्चा की गई।
17 सितंबर से पूरे प्रदेश में होंगे सेवा के कार्यक्रम
प्रेस वार्ता में डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष 7 अक्टूबर को पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता दी और समाज के गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लोगों को सेवा और विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा।
डॉ. बिंदल के अनुसार 17 सितंबर को प्रदेशभर में सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प का दीपक जलाया जाएगा। इसी दिन भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बच्चों और महिलाओं की भी होगी भागीदारी
डॉ. बिंदल ने कहा कि अभियान के दौरान बच्चों के लिए ‘मेरा भारत—कैसा था, कैसा है और 2047 में कैसा होगा’ विषय पर पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा में मेरा योगदान’ की भावना के साथ स्वच्छता अभियान, रक्तदान, चिकित्सा सेवा, अनाथालयों एवं वृद्धाश्रमों में सेवा, जल संरक्षण और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम भी होंगे। महिला कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सेवा संकल्प और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना पर रंगोली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अगस्त में 121 स्थानों पर आंदोलन का दावा
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा ने जुलाई में घोषणा की थी कि अगस्त में स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जन आंदोलन किए जाएंगे। उनके अनुसार अगस्त में 121 स्थानों पर जन आंदोलन आयोजित किए गए, जिनमें टूटी सड़कों, विकास कार्यों, कांग्रेस की अधूरी गारंटियों और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा 17 जिला स्तरीय प्रदर्शन बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर किए गए और कांग्रेस सरकार से रोजगार के नाम पर किए गए वादों का हिसाब मांगा गया।
डॉ. बिंदल ने घोषणा की कि सितंबर में भाजपा 170 स्थानों पर स्थानीय मुद्दों को लेकर जन आंदोलन करेगी। इसके साथ ही महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर 17 जिला स्तरीय प्रदर्शन भी आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस की रोजगार गारंटी पर भी सवाल
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बेरोजगार युवाओं से सरकारी रोजगार को लेकर बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार के करीब चार वर्ष पूरे होने के बावजूद युवा रोजगार के लिए परेशान हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार में 1.07 लाख पद रिक्त हैं और स्थायी तथा पेंशन वाली सरकारी नौकरियों को लेकर कांग्रेस की चुनावी गारंटियां पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव, पंचायत, मंडल और जिला स्तर पर कांग्रेस सरकार से उसके चुनावी वादों का हिसाब मांगेगी।
पंचायतों के अधिकारों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पंचायती राज संस्थाओं के वित्तीय अधिकारों को लेकर भी डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 16वें वित्त आयोग के माध्यम से पंचायतों में विकास कार्यों के लिए पहुंच रही राशि को लेकर वित्त विभाग के निर्देशों के आधार पर बीडीओ द्वारा पंचायत प्रधानों की बैठकें बुलाए जाने और 50 प्रतिशत राशि आईपीएच एवं पीडब्ल्यूडी विभाग को जमा कराने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंचायतों के अधिकारों के किसी भी तरह के हनन को स्वीकार नहीं करेगी। उनके अनुसार पंचायतों को मिलने वाली विकास राशि का उपयोग निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा नियमानुसार स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित के कार्यों के लिए किया जाना चाहिए।
केंद्र की योजनाओं से हिमाचल को लाभ मिलने का दावा
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को कई बड़ी विकास परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में बनी करीब 20 हजार किलोमीटर सड़कों में से लगभग 15 हजार किलोमीटर सड़कें मोदी सरकार के कार्यकाल में बनी हैं।
उन्होंने फोरलेन परियोजनाओं, अटल टनल रोहतांग, सीमावर्ती क्षेत्रों में बीआरओ की सड़कों के सुदृढ़ीकरण और रेल विस्तार को भी केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन और बीमा योजनाओं से हिमाचल के लाखों परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने एम्स बिलासपुर, आईआईएम और मेडिकल कॉलेजों सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से दी गई सहायता का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं में हिमाचल के लिए 90:10 के वित्तपोषण अनुपात को बहाल करने से प्रदेश को विकास योजनाओं में आर्थिक लाभ मिला है।
लॉटरी शुरू करने के मुद्दे पर सरकार को घेरा
प्रदेश में लॉटरी व्यवस्था शुरू करने के मुद्दे पर भी डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार को राजस्व बढ़ाने के लिए प्रदेश के लोगों के सामाजिक और आर्थिक भविष्य को दांव पर नहीं लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लॉटरी के सामाजिक दुष्परिणामों को देखते हुए पूर्व में इसे बंद किया गया था। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लॉटरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सरकार से राजस्व बढ़ाने के लिए विकास, निवेश, पर्यटन, उद्योग और रोजगार जैसे स्थायी साधनों पर ध्यान देने की मांग की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आने वाला महीना भाजपा के लिए एक ओर सेवा, सामाजिक सरोकार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का समय होगा, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सरकार की जवाबदेही तय करने का भी अवसर होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के बीच जाएगी और जन आंदोलनों के जरिए कांग्रेस सरकार से उसकी गारंटियों एवं कार्यप्रणाली का हिसाब मांगेगी।





