
3/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने सोमवार को ग्राम पंचायत पुन्थल के बराधा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के बैच-1 के तहत बनने वाली डुंखरा-बराधा-हूरन-पुन्थल सड़क का भूमि पूजन किया। लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 909.28 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होते हैं तथा लोगों का जीवन अधिक सुगम बनता है।
उन्होंने कहा कि इस सड़क परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। किसानों और बागवानों को अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जबकि विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए सड़क नेटवर्क को निरंतर सुदृढ़ कर रही है। विधायक ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को 31 मार्च 2026 तक उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास योजनाएं सफल होती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के चार महिला मण्डलों को 50-50 हजार रूपये की राशि प्रदान की। उन्होंने धारला शरानी बैहड़ धारगण सड़क निर्माण कार्य के लिए 3 लाख रूपये तथा सामुदायिक भवन टटार्दी के निर्माण के लिए 3 लाख रूपये की राशि प्रदान की।
इस अवसर पर जिला काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शेष राम आजाद, ब्लाक काँग्रेस अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, पार्वती वैली होटल एसोसिएशन प्रधान किशन ठाकुर, जिला परिषद बरशैणी प्रवीण ठाकुर, प्रधान ग्रांम पंचायत पुन्थल रामदेव, प्रधान ग्रांम पंचायत जरी लवलीन, उप प्रधान बराधा तरूण सोनी, उप प्रधान जरी रोनिक, उप प्रधान पुन्थल झाबे राम, सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोती लाल, अरण्यपाल कुल्लू एंजल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







