
खबर अभी अभी
शिमला
अपनी लंबित मांगों को लेकर पिछले 976 दिनों से आंदोलन कर रहे दृष्टिहीनों का प्रदर्शन मंगलवार को उस समय उग्र हो गया, जब उन्होंने सचिवालय के बाहर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
दृष्टिहीन संगठन के सदस्यों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। प्रदर्शनकारी बैकलॉग भर्तियां भरने, आरक्षण से जुड़े मामलों के समाधान और अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। चक्का जाम के कारण क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा।





