सोलन शहर में जल्द पाइपों से पानी की लीकेज को रोकने के लिए बिछाई जाएगी नई लाइन

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

19जनवरी 2023

 

सोलन शहर में जल्द पाइपों से पानी की लीकेज को रोकने के लिए नई लाइन बिछाई जाएगी। निगम इस प्रस्ताव को आगामी 23 जनवरी में होने वाली मासिक बैठक में रखेगा। बैठक में मुहर लगने के बाद निगम शहर की ओर से नई पाइप लाइन बिछाने की डीपीआर तैयार की जाएगी। इसके बाद डीपीआर को सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

निगम ने पाइपों से बहते व्यर्थ पानी के बचाव को लेकर यह निर्णय लिया है और इस पर चर्चा करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। वहीं इन दिनों फिर शहर में फिर पेयजल किल्लत बढ़ती जा रही है। अब भी शहरवासियों को चौथे दिन पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और इस बात का ठीकरा निगम जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड पर फोड़ रहा है।

 निगम के पेयजल टैंकों और पाइपों से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ नालियों में बहने का मुद्दा अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अब नगर निगम ने इस मुद्दे पर संग्यान लेते हुए प्रस्ताव को जनरल हाउस में चर्चा करने के लिए कहा है। वर्तमान में हालात यह हैं कि टैंकों से शहर के वार्डों में पहुंचे वाली सप्लाई जगह-जगह लीकेज के कारण नालियों में बह रही है।
इससे पानी का प्रेशर भी पूरा नहीं पहुंच पा रहा है। कई बार इस मसले पर निगम ने पाइप बदलवाने की बात कही, लेकिन आज तक पानी की पाइप लाइन नहीं बदली गई। पाइपों के जंजाल समेत पानी की लीकेज से बीते कई दिनों से शहर में लोगों को पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। इससे शहर के अधिकतर वार्डों में पानी के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। आगामी दिनों में यही हाल रहा तो लोगों को कई दिनों तक पानी से वंचित रहना पड़ सकता है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news