
5 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

सूत्रधार कला संगम कुल्लू की ओर से देव सदन कुल्लू के सभागार में प्रसिद्ध गीतकार एवं संगीतकार के. आर. पंछी को समर्पित ‘एक शाम पंछी जी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिमाचली लोक साहित्य, लोक संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में पंछी के योगदान को समर्पित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने उनकी लोकप्रिय रचनाओं को प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंच उद्घोषक सुंदर श्याम महंत के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके बाद पं. विद्या सागर और निशांत गौतम के निर्देशन में सूत्रधार कला संगम के कलाकारों ट्विंकल, अनुष्का, अर्पिता ठाकुर, तारा, रेखा, संजय पुजारी, जीवन बुडाल, लाल सिंह, विजय, दिनेश और ए.के. अनुपम ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
संगीत सदन मंडी के संगीत गुरु उमेश भारद्वाज के शिष्य कलाकारों उर्मिला, दुर्वा, सुनीता, अनुपमा, एकता, आदित्य और सर्वज्ञ शर्मा ने भी प्रस्तुतियां दीं। वहीं ओल्ड बॉयज मंडी के वरिष्ठ कलाकार रामपाल शर्मा, नित्यदर्शी वैद्य, मोहिंदर पाल वैद्य, जगदीश कपूर, रविकांत कपूर, हेमंत गुप्ता, विनोद चौधरी और आकाश ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। नृत्य प्रस्तुतियों को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि और विशेष अतिथियों का कुल्लवी परंपरा के अनुसार शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन ने स्वागत भाषण में मुख्यातिथि, विशेष अतिथियों, मेहमान कलाकारों, पत्रकारों और दर्शकों का अभिनंदन किया।
के. आर. पंछी को मिला ‘सूत्रधार कला रत्न सम्मान’
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘सूत्रधार कला रत्न सम्मान’ रहा। के. आर. पंछी को कुल्लवी परंपरा के अनुसार शाल, टोपी, स्मृति चिन्ह और सम्मान भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ के.सी. शर्मा, रीता शर्मा, तेजेंद्र वशिष्ठ और डॉ. सूरत ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।
के. आर. पंछी के सम्मान में सूत्रधार कला संगम के प्रचार-प्रसार सहप्रभारी एवं लोक गायक धर्मेंद्र शर्मा ने विशेष रूप से रचित गीत की प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी कलाकारों के साथ नृत्य करते नजर आए। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
संस्था ने पूरे किए 49 वर्ष, स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश
कार्यक्रम के मुख्यातिथि बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सूत्रधार कला संगम ने अपने गौरवशाली 49 वर्ष पूरे कर स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंगलौर के मजां गांव से संबंध रखने वाले प्रसिद्ध गीतकार एवं संगीतकार के. आर. पंछी का सम्मान होना गौरव की बात है। उन्होंने अपनी कला और संगीत के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर पंचायत समिति बंजार की अध्यक्षा लता ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अनिल राणा, जोगिंदर शुक्ला और पी. के. रॉयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठजनों और संस्था से जुड़े पदाधिकारियों ने हिमाचली सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में संगीत सदन मंडी के गुरु उमेश भारद्वाज और सूत्रधार संगीत अकादमी के प्राचार्य पं. विद्या सागर को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा अतिथि कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
विधायक सुरेंद्र शौरी ने संस्था की 49 वर्षों की यात्रा को कला एवं संस्कृति के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल बताया। उन्होंने स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश पर संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और कला प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष दिनेश सेन और पूरी टीम को बधाई दी।
‘एक शाम पंछी जी के नाम’ कार्यक्रम ने वरिष्ठ रचनाकार के. आर. पंछी के कला एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के साथ हिमाचली लोक संगीत, साहित्य और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान देव सदन का सभागार हिमाचली लोकधुनों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन, उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिंदर ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर एवं यशोदा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार सहप्रभारी धर्मेंद्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुदेश कुमार एवं सुबोध सूद, प्राचार्य संगीत अकादमी पं. विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुडाल एवं संजय पुजारी तथा प्रबंधक उत्तम चंद उपस्थित रहे।





