शहर में स्ट्रीट लाइटों को सौर ऊर्जा के माध्यम से संचालित करने की योजना बजट के अभाव नहीं चढ़ पा रही सिरे

#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*

24 जनवरी 2023

 

नगर परिषद ने कुछ माह पूर्व सभी स्ट्रीट लाइटों और नगर परिषद कार्यालय में बिजली की आपूर्ति सौर ऊर्जा से संचालित करने की योजना बनाई थी। बजट न होने से योजना पर काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। नगर परिषद की आमदनी बढ़ाने और खर्च कम करने के लिए तैयार की गई सौर ऊर्जा प्लांट योजना जमीन पर नहीं उतर पाई है। इससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर चलाई जा रही योजनाओं को धरातल पर उतारने की मंशा भी साफ झलकती है। बता दें कि नगर परिषद की बैठक में नगर परिषद ने अपने स्तर पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का प्रस्ताव पास किया था। प्रस्ताव के तहत शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों और नप कार्यालय में प्रयोग होने वाली बिजली को सौर ऊर्जा के माध्यम से ही संचालित करने की योजना बनाई गई। आम बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद इस पर आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सौर ऊर्जा प्लांट नगर परिषद कार्यालय के समीप ही स्थापित करने की योजना है। इसके लिए सौर ऊर्जा प्लांट लगाने वाली कंपनियों से भी संपर्क किया गया लेकिन अभी तक किसी भी कंपनी को यह कार्य नहीं सौंपा गया है। नगर परिषद को सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए करीब एक करोड़ के बजट की जरूरत है। नप के पास बजट का कोई प्रावधान न होने के चलते सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने की योजना दम तोड़ती नजर आ रही है।

#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*

Share the news