सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में भी जलशक्ति विभाग का मंडल कार्यालय बंद, सैकड़ों लोग घरद्वार पर मिलने वाली सुविधाओं से हुए महरूम

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

15 फरवरी 2023

सूबे में पूर्व सरकार की ओर से खोले गए सरकारी कार्यालय बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में भी जलशक्ति विभाग का मंडल कार्यालय बंद कर दिया गया है। अब यहां के सैकड़ों लोग घरद्वार पर मिलने वाली सुविधाओं से महरूम हो गए हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार के समय अंतिम 6 माह में खोले गए जिन विभिन्न कार्यालयों को बंद किया है, उनमें विधानसभा क्षेत्र नादौन का जलशक्ति विभाग का मंडल कार्यालय भी शामिल है। अब लोगों को अपने कार्य के लिए फिर से हमीरपुर जाना पड़ रहा है।

नादौन से हमीरपुर की दूरी करीब 28 किलोमीटर है। पहले यहां विभाग के अधिकारी बैठ रहे थे। जलशक्ति विभाग के नादौन डिवीजन के अंतर्गत करीब 11,902 पेयजल कनेक्शन हैं। नादौन में जलशक्ति विभाग का डिवीजन खोलने की घोषणा जून 2022 में हुई थी। उसी वर्ष अगस्त में यहां अधिशासी अभियंता समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इससे लोगों को पेयजल समस्याओं के समाधान के साथ नई स्कीमों और मरम्मत कार्य के टेंडर की सुविधाएं घरद्वार पर मिलनी शुरू हुई थीं। कार्यालय डिनोटिफाई होने से ये सारी सुविधाएं बंद हो गई हैं। अगस्त 2022 को नादौन में खुले जलशक्ति डिवीजन में इंजीनियर राजीव सहगल को यहां अधिशासी अभियंता नियुक्त किया गया था, लेकिन कुछ माह बाद उनका तबादला हो गया। इसके बाद ई. अरविंद वर्मा को यहां अधिशासी अभियंता नियुक्त किया गया। इनके अलावा एक मुख्य प्रारूपकार (एचडीएम), एक कनिष्ठ प्रारूपकार (जेडीएम), अधीक्षक और लिपिक की नियुक्ति की गई थी। जबकि, जलशक्ति विभाग के बड़सर डिवीजन से सरकारी वाहन उपलब्ध करवाया गया था।

दिसंबर में इन सभी अधिकारियों को कहीं ओर शिफ्ट कर दिया गया। इसके अलावा फील्ड स्टाफ के जिन 50 से अधिक कर्मचारियों को नादौन स्थित जलशक्ति विभाग के डिवीजन में लगाया गया था, उन्हें अभी तक वेतन की अदायगी नहीं हो पाई है। विभाग के उपमंडल नादौन के तहत कुल 21 पेयजल और 13 सिंचाई योजनाएं हैं। जबकि, विधानसभा क्षेत्र में 58 पंचायतें हैं। वर्तमान समय में नादौन विधानसभा क्षेत्र में जलशक्ति विभाग में एक सहायक अभियंता, चार कनिष्ठ अभियंता, धनेटा उपमंडल में एक सहायक अभियंता और तीन कनिष्ठ अभियंता हैं। इसी तरह गलोड़ में एक सहायक अभियंता और तीन कनिष्ठ अभियंता सेवाएं दे रहे हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news