
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
20 मई 2023

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार सुबह उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के घर चाय पर सियासी गुफ्तगू की। प्रतिभा को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाने की अटकलों के बीच हुई इस मुलाकात ने कांग्रेस की अंदरुनी राजनीति गरमा दी है। शुक्रवार को दिन भर सचिवालय से लेकर मॉल रोड तक बैठक की चर्चा रही। तीनों नेताओं के बीच सुक्खू मंत्रिमंडल सहित निगमों-बोर्डों में नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और हॉलीलॉज के बीच की पूर्व में रही दूरी सर्वविदित है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद हॉलीलॉज समर्थक खुद को हाशिये पर महसूस कर रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के पांच माह बाद भी समर्थक मान-सम्मान की बाट जोह रहे है
पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह को हालांकि सरकार में जगह मिली, लेकिन बरसों तक कांग्रेस के पॉवर सेंटर रहे पूर्व मुख्यमंत्री के निजी आवास हाॅलीलॉज से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं का नियुक्तियां होने के इंतजार में ही समय बीत रहा है। प्रतिभा भी समर्थकों के इस दर्द को अप्रत्यक्ष तौर पर कई बार उठा चुकी हैं। सक्रिय नेताओं को सरकार में मान सम्मान देने का मामला हाईकमान से उठाया है। हिमाचल में पहले उपमुख्यमंत्री बने मुकेश अग्निहोत्री पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के खास सिपहसालारों में से एक रहे हैं। ऐसे में प्रतिभा और विक्रमादित्य सिंह के मुकेश के घर पहुंचने के कई अर्थ निकाले जा रहे हैं। बीते कुछ दिनों से सांसद प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष पद से हटाने को लेकर चल रही अटकलों से भी इस बैठक काे जोड़ा जा रहा है। चर्चा है कि प्रतिभा सिंह की जगह जिला शिमला से एक कैबिनेट मंत्री को संगठन की बागडोर सौंपी जा सकती है। उधर, कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि उपमुख्यमंत्री के साथ शिष्टाचार के नाते उन्होंने और प्रतिभा सिंह ने मुलाकात की।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





