
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
20 मई 2023
हिमाचल में कॉमर्स संकाय में प्रदेशभर में पहला, जबकि ओवरऑल दूसरा स्थान हासिल करने वाली सिरमौर के सीनियर सेकंडरी स्कूल सराहां की वृंदा ठाकुर चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती है। वह दिल्ली के फेमस लेडी श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से अपनी आगे की पढ़ाई करना चाहती है। इसके लिए वृंदा ने प्रवेश परीक्षा का आवेदन भी भरा है। वंृदा ठाकुर ने 98.40 फीसदी अंक लेकर पूरे सिरमौर जिला का नाम रोशन किया है।
वृंदा ठाकुर का जन्म सिरमौर जिला के रोही गांव में अरूण ठाकुर व कांता ठाकुर के घर हुआ। वंृदा के पिता ठेकेदारी करते हैं, जबकि माता सीनियर सेकंडरी स्कूल गलानाघाट में प्रवक्ता के पद पर सेवाएं दे रही है। वृंदा ने बताया कि क्लासरूम टीचिंग के अलावा वह प्रतिदिन तीन से चार घंटे ही पढ़ाई करती थी। उन्होंने बताया कि वह चाहती हैं कि वह दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करके और इसके बाद सीए करेगी।
अपनी सफलता का श्रेय वह अपने माता-पिता और गुरूजनों को देती है, जिनके सही मार्गदर्शन से वह यह मुकाम हासिल कर पाई।
परीक्षा परिणाम आने के बाद वृंदा माता-पिता के साथ स्कूल पहुंची तो अध्यापकों ने उसका माला पहनाकर स्वागत किया और उसे मिठाई भी खिलाई। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल सुरेंद्र कुमार व अन्य अध्यापकों ने वंृदा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वृंदा ने अपने स्कूल का ही नहीं, पूरे सिरमौर जिला का नाम रोशन किया है।
उधर, सिरमौर कल्याण मंच सोलन के प्रधान बलदेव चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पदम पुंडीर, प्रदीप मंमगाई, महासचिव डॉ. राम गोपाल शर्मा समेत अन्य सभी सदस्यों ने भी वृंदा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वंृदा की यह उपलब्धि सिरमौर जिला की उपलब्धि है। इसके लिए उनके माता-पिता व गुरूजन भी बधाई के पात्र हैं।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन






