
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
23 मई 2023

जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा में जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2023 का आयोजन 30 मई से 1 जून तक किया जा रहा है। मेले का शुभारंभ 30 मई को विधिवत पूजा अर्चना एवं झंडा रस्म के साथ होगा। गौरतलब है कि पिपलू मेला जिला ऊना का एक प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक मेला है जिससे हजारों लोगों की आस्थाएं जुड़ी हुई है। जिला ऊना और हमीरपुर की सीमा पर स्थित पीपलू स्थित भगवन नरसिंह मंदिर में हर वर्ष इस जिला स्तरीय मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार प्रशासन ने इस मेले को सफल बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की है।
इसी मेले की तैयारियों का फीडबैक लेने के लिए कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र भुट्टो ने प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारीयों के साथ बैठक की। इस दौरान विधायक देवेंद्र भुट्टों ने अधिकारीयों को मेले के सफल आयोजन के लिए उचित दिशा निर्देश दिए। तीन दिन तक चलने वाले इस ऐतिहासिक एवं प्राचीन मेले के दौरान तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक दलों के साथ-साथ स्थानीय स्कूलों, स्थानीय कलाकारों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
वहीं, मेले में शहीद परिवारों, 90 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों, विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इस बार मेले में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रर्दशनियां भी लगाई जाएंगी, जिसमें लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। वहीं मेले के दौरान वॉलीबॉल, कुशती तथा रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं तथा इस सांस्कृतिक धरोहर को जिंदा रखने के लिए इस तरह के आयोजनों से बल मिलता है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





