
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
28 मई 2023
सदर थाना के तहत बहडाला में पुलिस ने गाड़ी से 45 पेटी देसी शराब के साथ दो लोगों को काबू किया। आरोपियों की पहचान मोहित (46) निवासी मलाहत जिला ऊना और अश्विनी कुमार (40) निवासी नंगल जिला रूपनगर पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
जानकारी के अनुसार थाना सदर पुलिस की टीम बहडाला-चढ़तगढ़ संपर्क मार्ग पर देर रात करीब 12:20 बजे गाड़ियों को जांच में जुटे थे। इसी दौरान एक गाड़ी चढ़तगढ़ की तरफ से आई। पुलिस टीम ने शक होने पर गाड़ी को रोका। गाड़ी में चालक सहित दो लोग सवार पाए गए। पुलिस टीम ने गाड़ी की जांच की तो उसकी पिछली सीट व डिग्गी में गत्ते की पेटियां मिली।
पूछताछ में कार सवारों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने पेटियों की जांच की तो उसमें अवैध देसी शराब बरामद हुई। गाड़ी चालक और दूसरा व्यक्ति शराब के संबंध में कोई वैध परमिट पेश नहीं कर सके। पुलिस ने शराब की खेप को कब्जे में लेकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस नशा तस्करी के मामलों में सख्ती से निपट रही है। बहडाला में पुलिस को शराब की तस्करी में बड़ी सफलता मिली है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





