
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
29 मई 2023

हिमाचल प्रदेश में यमुना और ब्यास नदी में डूबने से उत्तर प्रदेश और पंजाब के दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों युवक दोस्तों के साथ नदी में नहाने उतरे थे। पहले मामले में पांवटा साहिब में यमुना नदी में शनिवार देर रात को तीन युवक नहाने उतरे थे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत के सिंघावली अहीर निवासी संजय यादव (22) अचानक डूब गया। उसके दोनों साथियों को तैरना नहीं आता था। देर रात को सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना टीम ने स्थानीय गोताखोर के सहयोग से सर्च अभियान चलाया, लेकिन अब तक युवक का कोई पता नहीं चला है।
जानकारी के अनुसार संजय यादव (22) पुत्र राजपाल यादव निवासी सिंघाबली अहीर सिधौली अहिली बागपत उत्तरप्रदेश निवासी स्थानीय गुरुद्वारे के पास कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग का कार्य करता था। शनिवार रात को करीब 10 बजे दो साथियों मोनू शर्मा और सुखविंदर सिंह के साथ यमुना नदी में नहाने उतर गया। संजय के दोस्तों को तैरना नहीं आता था। इसलिए दोनों किनारे पर ही नहाने लगे। संजय गहरे पानी की तरफ चला गया। कुछ देर बाद तेज बहाव में डूबने लगा।
शनिवार को देर रात 10 बजे के बाद युवक के नदी में स्नान करते हुए डूबने का हादसा हुआ है। दूसरे मामले में थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के निकट कोहला गांव में ब्यास नदी में उतरे पंजाब से आए तीन युवकों में से एक की डूबने से मौत हो गई। जबकि दो की जान बाल-बाल बच पाई है। मृतक की पहचान चेतन (22), पुत्र दर्शन सिंह, निवासी गांव कम्मोवाल, माहलपुर होशियारपुर के तौर पर हुई है।
मृतक के चचेरे भाई मनदीप (28), पुत्र जरनैल सिंह ने कहा कि रविवार सुबह कम्मोवाल गांव से महिलाओं सहित करीब 25 लोगों का समूह जिला के सीमावर्ती गांव भड़ोली क्षेत्र ज्वालामुखी थाना में स्थित अपनी जठेरी में माथा टेकने आए थे। इसी दौरान चेतन, उसका चचेरा भाई मनदीप तथा राहुल (16), पुत्र गुरदयाल, निवासी गांव कम्मोवाल ब्यास नदी में नहाने उतर गए। तीनों को ही तैरना नहीं आता था और वह अनजाने में धीरे-धीरे पानी के बीचोबीच आ गए। यह तीनों पानी में करीब दो किलोमीटर तक बहते हुए नदी के दूसरे किनारे नादौन की ओर बढ़ते गए।
इनमें से राहुल और मनदीप कोहला गांव में जल शक्ति विभाग के स्टोर एवं पंप हाउस के निकट पानी के किनारे जैसे ही पहुंचे तो वहां उपस्थित कुछ स्थानीय लोगों ने इन्हें देख लिया और इन्हें बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। वहीं चेतन जिसका हाथ मनदीप ने पकड़ा हुआ था वह पानी में ही छूट गया और बहता हुआ आगे चला गया। उसे स्टोर से थोड़ा आगे की ओर स्थानीय लोगों ने जब बाहर निकाला तो उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप पटियाल ने पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





