साइबर अपराधी डेबिट, क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर लोगों को लगा रहे चूना

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

29 जून 2023

साइबर अपराधी हिमाचल के लोगों के डेबिट और क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर बैंक खातों से पैसा उड़ा रहे हैं। शातिर अपने आप को बैंक, आरबीआई और इंश्योरेंस कंपनियों के कर्मचारी बताकर डेबिट, क्रेडिट कार्ड, आधार और पैन कार्ड की डिटेल लेते हैं। लोगों को तब पता चलता है जब उनके खाते से पैसे निकालने का संदेश आता है।

साइबर पुलिस के पास इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। इसके अलावा साइबर ठग पेंशनधारकों को भी अपने जाल में फंसा रहे हैं। खुद को बैंक कर्मी बताकर पेंशनधारकों से बैंक संबंधी जानकारी पूछ रहे हैं। साइबर पुलिस थाना शिमला में इस तरह की दर्जनों शिकायतें आ रही हैं।

प्रदेश में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। शातिर साइबर ठगी के लिए आए दिन नए-नए हथकंडे अपनाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शातिर अलग-अलग तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। शातिर लॉटरी, इनाम, एटीएम ब्लॉक होना, बैंक खाता वेरिफिकेशन करवाने जैसी बातों में फंसाकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

साइबर पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर क्राइम के मामलों में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। हालांकि इसे रोकने लिए कदम भी उठाए जा रहे हैं। लोगों को स्वयं भी जागरूक होना पड़ेगा। सावधानी से ही साइबर क्राइम से बचा जा सकता है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news