धर्मशाला के बेड़े में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से 15 इलेक्ट्रिक बसों को किया गया शामिल

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

29 जून 2023

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एचआरटीसी धर्मशाला के बेड़े में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से 15 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया है। इन बसों ने लोगों को सेवाएं देना भी शुरू कर दिया है, लेकिन एक माह बाद ही इनमें से करीब सवा करोड़ की एक इलेक्ट्रिक बस खराब हो गई। जानकारी के अनुसार धर्मशाला-पुड़वा रूट पर 26 जून को निकली इलेक्ट्रिक बस करीब 10 किलोमीटर चलकर रूक गई।

इस कारण बस में बैठे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि निगम की ओर से यात्रियों को अतिरिक्त बस उपलब्ध करवाकर उनके गंतव्य स्थान पर तो पहुंचा दिया गया, लेकिन एक माह बाद ही बस में आई तकनीकी खराबी से इन बसों के संचालन को लेकर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। अब यह बस टंग में खराब होने के बाद धर्मशाला लाने के लिए दोबारा चालू की गई, लेकिन दोबारा फिर दाड़ी मेला ग्राउंड पहुंचने पर बस फिर हांफ गई। अब यह बस दाड़ी मेला ग्राउंड के पास ही खड़ी है। बस की तकनीकी खराबी की जांच हो रही है

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news