
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
6 फरवरी 2024
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष जनवरी में बहुत कम बारिश दर्ज की गई। जोकि 1901 के बाद से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार तीसरी सबसे कम बारिश है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों में इसका खुलासा हुआ है। जनवरी 2024 के दौरान राज्य में कई दिनों तक सूखा रहा। विभाग के अनुसार वर्ष 1966 में जनवरी महीने में 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जबकि 2007 में 1.3 और जनवरी 2024 में 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इस तरह इस जनवरी में माइनस 92 फीसदी बारिश हुई। यह 123 साल में तीसरी सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, वर्ष 2020 के बाद यह अब तक की सबसे कम बारिश थी। हिमाचल प्रदेश में 1 से 31 जनवरी 2024 तक माइनस 92 फीसदी की भारी कमी के साथ 6.8 मिलीमीटर ही बारिश दर्ज हुई। जबकि इस अवधि में 85.3 मिलीमीटर को सामान्य बारिश माना गया। जिला चंबा में सबसे अधिक 13.8 मिमी वर्षा हुई। इस दौरान बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, शिमला, सोलन, ऊना, कांगड़ा, मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है। सिरमौर में बारिश हुई ही नहीं। हालांकि, 31 जनवरी को तीसा में 31.0, चंबा 25.2, मनाली 12.0, टिंडर 18.1 और जुब्बल में 11.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





