सांसद निधि, प्रदेश सरकार के सहयोग से किए काम; नहीं आया केंद्रीय प्रोजेक्ट

खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो
13 मार्च 2024

हिमाचल के मंडी संसदीय क्षेत्र का खास रुतबा रहा है। यहीं से प्रदेश को अमृत कौर के रूप में पहली महिला सांसद और देश को पहली स्वास्थ्य मंत्री मिलीं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय सीट से तीसरी बार सांसद बनने वाली एकमात्र महिला हैं। उन्होंने 2021 में हुए उपचुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जीत हासिल की थी। हालांकि उनके इस कार्यकाल में मंडी को केंद्र से कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं मिल पाया। प्रतिभा सिंह ने वर्ष 2021 में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बिग्रेडियर (रि.) खुशाल ठाकुर को 8766 मतों से पराजित किया था।

उन्होंने सत्ताधारी दल के प्रत्याशी को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। इस जीत को प्रतिभा सिंह ने अपने पति पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि बताया था। वीरभद्र सिंह परिवार का इस सीट पर दबदबा रहा है। तीन बार प्रतिभा सिंह तो तीन बार वीरभद्र सिंह इस सीट से सांसद रहे हैं। विपक्षी सांसद होने के चलते 2021 से 2024 के कार्यकाल में प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय क्षेत्र में कोई बड़ा विकास कार्य तो नहीं करवा पाईं हैं, लेकिन सांसद निधि से काम कराए और संसद में क्षेत्र के मुद्दों को उठाया।

मंडी की नौण व चौंतड़ा और कुल्लू जिला की गाहर पंचायत गोद ली है। नौण पंचायत में 43 योजनाएं चल रही हैं। 33 कार्य प्रगति पर और चार पूरे हैं। कुल 3.55 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। चौंतड़ा में 21 कामों पर 42.74 करोड़ खर्च हो चुके हैं। गाहर पंचायत में 70 फीसदी काम पूरे हो गए हैं। आपदा से 30 फीसदी काम प्रभावित हुआ।

खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो

Share the news