#रोड शो के बाद भाजपा प्रत्याशी कंगना रणाैत ने दाखिल किया नामांकन

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

14 मई 2024

लोकसभा चुनाव में हॉट सीट बन चुके हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कंगना रणाैत ने अपना नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन के समक्ष दायर किया। नामांकन से पहले कंगना ने पड्डल मैदान से लेकर डीसी ऑफिस तक रोड शो किया। रोड शो में भाजपा के कार्यकर्ता नाचते-गाते, नारे लगाते हुए उपायुक्त कार्यालय के गेट तक पहुुंचे। रोड शो के माध्यम से कहीं न कहीं भाजपा ने हाल ही में हुई कांग्रेस की नामांकन रैली का जवाब देने का प्रयास भी किया।

इसके बाद कंगना रणाैत ने पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल और अपनी माता संग निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके कंगना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज उनके नामांकन को लेकर पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। लोगों में इस बात को लेकर अधिक उत्साह है कि मंडी की बेटी आज चुनावी मैदान में है और उसे हर हाल में विजयी बनाना है।

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रविरोधी मानसिकता चिंता का विषय: कंगना

कंगना रनौत ने कहा कि मंडी के लोग और मेरे लिए उनका प्यार मुझे यहां ले आया है। हमारे देश में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। कुछ दशक पहले मंडी में भ्रूण हत्या की घटनाएं ज्यादा होती थीं। आज मंडी की महिलाएं सेना, शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में हैं। कंगना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रविरोधी मानसिकता देश के लिए चिंता का विषय है।

राजनीति के क्षेत्र में भी सफलता मिलेगी: कंगना
कंगना रणाैत ने कहा कि आज मैंने मंडी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया है।  कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का मौका मिला है। मुझे बॉलीवुड में भी बहुत सफलता मिली है और उम्मीद है कि राजनीति के क्षेत्र में भी मुझे सफलता मिलेगी।

पाकिस्तान के एटम बम का खौफ दिखाने वाले विपक्षी नेताओं को पीएम ने भी देश में ललकारा : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंडी में कंगना रनौत की जनसभा में कहा कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं तो हम पहना देंगे। आजकल कांग्रेस के नेता पूरे देश में पाकिस्तान-पाकिस्तान कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि देश में टुकड़े-टुकड़े गैंग एक बार फिर एक्टिव हो गया है। पाकिस्तान के एटम बम का खौफ दिखाने वाले विपक्षी नेताओं को पीएम ने भी देश में ललकारा है और आज भी ललकार रहे हैं। पीएम मोदी ने हमेशा आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है और आने वाले समय में भी देते रहेंगे।
Share the news