
ख़बर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो
25 मई 2024
जिला पुस्तकालय धर्मशाला में पिछले एक महीने से पुस्तकालय में पढ़ने आ रहे विद्यार्थियों को पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। रोजाना पुस्तकालय आ रहे विद्यार्थियों को न ही पीने के लिए पानी की सुविधा है और न ही शौचालय में पानी की सुविधा मिल पा रही है। इससे उन्हें पानी के साथ-साथ स्वच्छता में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला पुस्तकालय में पानी की दिक्कत के कारण विद्यार्थियों को कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर में जाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। इससे उनके समय का नुकसान होता है और उन्हें पुस्तकालय में अपने स्थान के खो जाने का डर भी लगा रहता है। धर्मशाला में प्रदेशभर से लगभग सात हजार छात्रों ने पंजीकरण करवाया है, जिसमें से हर रोज एक या 1500 के करीब छात्र विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए पुस्तकालय पहुंचते हैं। जिला पुस्तकालय में रोजाना अपने विषय और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पड़ने आने वाले छात्रों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है और अपनी बैठने की जगह को न खोने के डर से बाहर से 20 रुपये खर्च कर पानी पीना पड़ता है, जिससे उनके समय के साथ आर्थिक नुकसान देखना पड़ता है।
जिला पुस्तकालय आने वाले धर्मशाला से रिक्षी, अंजु, जितु, अभिषेक और सलोनी आदि विद्यार्थियों ने बताया कि पुस्तकालय में लंबे समय से पानी की दिक्कत रहती है। साथ ही उन्हें पानी भरने के लिए या तो हनुमान मंदिर जाना पड़ता है या तो पानी की बोतल खरीद कर पीना पड़ रहा है। पानी के लिए बाहर जाने से उनका पुस्तकालय में संभाला हुए स्थान में कोई आकर बैठ जाते हैं जिससे उनके समय की बर्बादी होती है।
जिला पुस्तकालय की पुस्तकालय अध्यक्ष संतोष कुमारी ने बताया कि पानी की समस्या का समाधान किया गया है और शनिवार से पुस्तकालय में विद्यार्थियों को पेयजल सुविधा सुचारू रूप से मिलेगी।





