
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
16 जुलाई 2024
एचआरटीसी के कंडक्टरों की भर्ती प्रक्रिया के बाद अब नियुक्ति आदेश जारी होने जा रहे हैं। करीब दो साल से चल रहा इंतजार दो दिन में खत्म हो जाएगा, क्योंकि बुधवार तक एचआरटीसी प्रबंधन इनके नियुक्ति आदेश जारी कर देगा। निगम में 357 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी, जिससे निगम में चल रही कंडक्टरों की कमी काफी हद तक पूरी हो सकेगी। जानकारी के अनुसार लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाई गई भर्ती का परिणाम आ गया था, मगर एचआरटीसी इनको नियुक्ति आदेश नहीं दे पाया था। उल्लेखनीय है कि अक्तूबर 2022 में एचआरटीसी ने कंडक्टर के 360 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। हमीरपुर में चयन बोर्ड के बंद होने के बाद यह परीक्षा लोक सेवा आयोग ने दिसंबर, 2023 में आयोजित की और 16 मार्च, 2024 को परिणाम घोषित किया गया।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि इतने महीने बाद भी उनको नियुक्तियां नहीं मिली हैं। कंडक्टर भर्ती की प्रक्रिया लगभग दो साल पहले शुरू की गई थी, जो अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। अब एचआरटीसी प्रबंधन ने इसकी तैयारी कर ली है और दो दिनों में सभी को नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। मुख्यालय स्तर पर कंडक्टरों की भर्ती के बाद नियुक्ति आदेश जारी करने पर काम चल रहा है।
वहीं एचआरटीसी अपनी वित्तीय हालत में भी इस कद्र फंसा हुआ है कि वह नई नियुक्तियां करने में असहाय था, मगर पूर्व में कंडक्टरों की भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जा चुका था और लोक सेवा आयोग के माध्यम से रिजल्ट निकाला गया था। नए नियुक्त किए जाने वाले कंडक्टरों को उन स्थानों पर लगाया जाएगा, जहां पर अत्यधिक कमी है। जहां पर डिपुओं में कंडक्टर काफी कम हैं और वहां काम का अत्यधिक बोझ है।





