प्रदेश में 18 लाख साधारण और 27 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया है भाजपा के साथ : बिंदल

लाइव टाइम्स
ऊना : भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल जिला ऊना के प्रवास पर पहुंचे और भाजपा कार्यालय दीप कमल में हरोली और ऊना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में सहभागिता की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में 18 लाख साधारण और 27000 सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार 174 भाजपा मंडल भी बनाए गए हैं, जिनके पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई है। पार्टी के सक्रिय सदस्य पार्टी की हर गतिविधि और कार्यप्रणाली के साथ पूरी तरह बाबस्ता हो जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल से 13 अप्रैल तक प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी के इतिहास और पार्टी द्वारा करवाए गए विकास की दृष्टि से वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा देश हित में किए गए कार्य सक्रिय सदस्यों के साथ साझा किए जाएंगे, ताकि आगे चलकर यही सक्रिय कार्यकर्ता ग्रास रूट लेवल पर भारतीय जनता पार्टी को मजबूती प्रदान कर सकें।

Share the news