मंडी में डीसी ऑफिस को उड़ाने की धमकी, फिलहाल जांच पड़ताल में अभी तक नहीं मिला कुछ

मंडी | जिला मुख्यालय मंडी स्थित उपायुक्त कार्यालय को बुधवार सुबह ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियातन उपायुक्त कार्यालय परिसर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोर्ट कॉम्प्लेक्स को तुरंत खाली करवाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, जो दोपहर तक जारी रहा। यहां पांच-पांच मंजिला भवन हैं।

धमकी भरा मेल उपायुक्त मंडी की ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुआ था। इसके तुरंत बाद प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी और एसओपी के तहत कार्रवाई शुरू की गई। सायरन बजाकर कर्मचारियों को कार्यालयों से बाहर निकाला गया। एहतियातन परिसर के सभी गेट बंद कर दिए गए और किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान विभिन्न कामकाज को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से परिसर की गहन तलाशी ली। हालांकि दोपहर तक जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन वीरवार दोपहर तक धमाके की चेतावनी के मद्देनजर परिसर में सुरक्षा बनाए रखी गई है। ऐसे में पुलिस सभी भवनों का एंटी सबोटाज चेकिंग कर रही है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं और अपने स्तर पर इनपुट जुटा रही हैं। दोपहर तक स्थिति साफ न होने पर लोग यहां डटे रहे। बाद में सब घरों की तरफ रवाना हो गए।

एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मंडी, कुल्लू और मध्य रेंज से पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। ई-मेल किसने और किस उद्देश्य से भेजा, इसकी जांच जारी है। अभी तक कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि एसओपी के तहत एंटी सबोटाज चेकिंग और सभी सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं।
वहीं, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी कार्यालयों को खाली करवाया गया। कर्मचारियों, आम नागरिकों और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई। पुलिस अपना काम कर रही है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई सतर्कता
धमकी भरी ई-मेल के बाद पुलिस ने भीड़भाड़ वाले मेला स्थलों में सतर्कता बढ़ा दी है। इन जगहों पुलिस को मुस्तैद किया गया है। इसी के साथ संदिग्धों व लावारिस पड़े संदिग्ध सामानों पर भी नजर रखने के लिए अलर्ट किया गया है। बता दें कि जिले के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों मेलों का आयोजन किया जा रहा है। जहां भारी भीड़ उमड़ रही है।
Share the news