राजीव भवन शिमला में इस दिन होगी हिमाचल कांग्रेस विधायक दल की बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में होगी। बैठक 22 अप्रैल को दोपहर 3:00 बजे होगी। इस संबंध में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चाैहान ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी मंत्रियों व विधायकों को बैठक के लिए सूचित किया है। बताया जा रहा है कि देशभर में आजकल सुर्खियां बटोर रहे नेशनल हेराल्ड मामले की सच्चाई बताने  राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत कल शिमला पहुंच रहे हैं। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में गहलोत प्रेस वार्ता कर भाजपा के आरोपों का जवाब देंगे।

इसी कड़ी में 23 अप्रैल को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के भी शिमला पहुंच रही है। विधायक दल की बैठक से पहले रजनी पाटिल  सभी विधायकों, 2022 विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों, बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और राज्य फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों, कांग्रेस के साथ बैठक करेंगी। बैठक में मुख्यमंत्री, माननीय उप मुख्यमंत्री और सभी मंत्री भी शामिल होंगे। उधर, प्रदेश में कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन की संभावना भी बन गई है। बीते दिनों ही प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को रिपोर्ट सौंप चुकी हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी गठन को लेकर मंजूरी मिल चुकी है। संभावित है कि शिमला पहुंचकर पाटिल पार्टी के नेताओं से चर्चा कर जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर सकती हैं।

Share the news