

अहिल्याबाई होलकर जयंती की प्रदेश कार्यशाला का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यशाला दीपकमल चक्कर में किया गया जिसमें भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री दीप्ति रावत ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक त्रिलोक कपूर, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्षा वंदना गुलेरिया ने विशेष रूप से भाग लिया। महिला मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री रावत ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर को पूरे देश में रानी और देवी के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि होलकर मराठा साम्राज्य की प्रसिद्ध महारानी तथा इतिहास प्रसिद्ध सूबेदार मल्हारराव होलकर के पुत्र खंडेराव की धर्मपत्नी थी। उन्होंने महेश्वर को राजधानी बनाकर शासन किया। उनका उद्देश्य केवल शासन करना नहीं था, बल्कि एक राज्य को संभालना था।
जिस प्रकार से उन्होंने राज्य की जीडीपी बढ़ाई, कॉटेज इंडस्ट्री को बढ़ावा दिया वह अद्भुत था, होलकर राज्य की महेश्वर साड़ी आज भी पूरे देश में प्रसिद्ध है। अहिल्याबाई होलकर ने अपने राज्य की सीमाओं के बाहर भारत भर के प्रसिद्ध तीर्थों और स्थानों में मंदिर बनवाए, घाट बंधवाए, कुओं और बावड़ियों का निर्माण किया, मार्ग बनवाए-सुधारे, भूखों के लिए अन्नसत्र खोले, प्यासों के लिए प्याऊ बिठलाईं, मंदिरों में विद्वानों की नियुक्ति शास्त्रों के मनन-चिंतन और प्रवचन के लिए की। मरते दम तक आत्म-प्रतिष्ठा के झूठे मोह का त्याग करके सदा न्याय करने का प्रयत्न करती रही। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर एक कुशल शासक और योद्धा थी, जिन्होंने अपने राज्य होलकर की रक्षा करने के लिए युद्ध कौशल का इस्तेमाल किया। उन्होंने कई युद्धों में विजय प्राप्त की और आक्रमणकारियों से अपने राज्य की रक्षा की। उन्होंने कहा कि पूरे देश और प्रदेश में भाजपा इसे लेकर अनेकों कार्यक्रम का आयोजन करेगी और महिला सशक्तिकरण का कार्य करेगी।



