
सोलन, डेस्क (मनीष कुमार)
31 अक्टूबर,2025
भारतीय जनता पार्टी ने सोलन जिले के सक्रिय और तकनीकी रूप से दक्ष युवा नेता विक्रम मट्टू को भाजपा हिमाचल प्रदेश सोशल मीडिया विभाग का सह संयोजक नियुक्त किया है। सोशल मीडिया और आईटी रणनीति में लंबे समय से पार्टी की मज़बूत डिजिटल मौजूदगी का चेहरा रहे मट्टू को यह दायित्व उनकी निष्ठा और उल्लेखनीय योगदान के लिए सौंपा गया है।
विक्रम मट्टू ने पार्टी के साथ अपने संगठनात्मक सफर में अनेक जिम्मेदारियां बखूबी निभाई हैं। वे भाजपा युवा मोर्चा जिला सोलन के आईटी विभाग में कार्य कर चुके हैं और दो बार जिला भाजपा सोलन के आईटी संयोजक का दायित्व भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे प्रदेश भाजपा आईटी टीम की कार्यकारिणी के सदस्य भी रह चुके हैं।
मट्टू ने शिमला संसदीय क्षेत्र (जिसमें सोलन, शिमला, सिरमौर और महासू जिले शामिल हैं) में सोशल मीडिया संयोजक के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया। उनकी डिजिटल रणनीति और टीम प्रबंधन के परिणामस्वरूप शिमला लोकसभा चुनाव में भाजपा को उल्लेखनीय जीत मिली थी।
उन्होंने पार्टी के कई महत्वपूर्ण चुनावों — 2017 विधानसभा चुनाव, 2021 अर्की उपचुनाव और 2022 का चुनाव — में सोशल मीडिया प्रबंधन और प्रचार-प्रसार की अगुवाई की।
पार्टी नेतृत्व ने उनकी कार्यकुशलता, निरंतरता और डिजिटल रणनीति में दक्षता को देखते हुए अब उन्हें प्रदेश स्तर पर सोशल मीडिया सह संयोजक का जिम्मा सौंपा है।
भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि विक्रम मट्टू जैसे तकनीकी रूप से सक्षम और सक्रिय कार्यकर्ता के नेतृत्व में पार्टी का डिजिटल नेटवर्क और अधिक सशक्त होगा तथा प्रदेश में संगठन का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचेगा।
इस नियुक्ति के लिए विक्रम मट्टू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, प्रदेश प्रभारी चेतन बरागटा, संयोजक सुशील राठौर तथा भाजपा नेतृत्व का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
विक्रम मट्टू ने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।





