चोरी के मामले में बंजार पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | बंजार, कुल्लू

बंजार पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली गई है, जबकि वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार 8 सितंबर 2026 को पुलिस थाना बंजार में धारा 331(4), 305 और 3(5) BNS के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें 9 सितंबर को नियमानुसार गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र ठाकुर उर्फ शब्बू (29) निवासी घेलीगाड़, डाकघर एवं तहसील बंजार, चित्र सिंह उर्फ चेतन (25) निवासी थुआरी, डाकघर लारजी, तहसील सैंज तथा प्रवीण कुमार उर्फ पिंकू (29) निवासी थुआरी, डाकघर लारजी, तहसील सैंज के रूप में हुई है।

सफेद ऑल्टो कार में लोहे की प्लेट ले जाने की सूचना

शिकायतकर्ता के अनुसार 3 सितंबर 2026 की रात तरगाली स्थित उसके स्टोर के बाहर रखी लोहे की प्लेट को तीन व्यक्ति सफेद रंग की ऑल्टो कार में चोरी कर ले जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना बंजार की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को बंजार से पकड़ लिया।

पुलिस ने चोरी की गई लोहे की प्लेट बरामद कर ली है। इसके साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।

14 दिन की न्यायिक हिरासत

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को 9 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Share the news