सोलन : टीम सी ने जीता जिला सोलन पत्रकार संघ का क्रिकेट खिताब

सोलन |
खबर अभी अभी
जिला सोलन पत्रकार संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट लीग का रविवार को दुर्गा पब्लिक स्कूल के ऐतिहासिक मैदान में सफल समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में टीम सी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम बी को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीम बी की शुरुआत धीमी रही। निर्धारित 10 ओवरों में टीम बी केवल 74 रन ही बना सकी। जवाब में टीम सी की ओर से पुनीत वर्मा और दीपक ठाकुर ने संयमित शुरुआत की, जबकि वेद आर्या की आक्रामक बल्लेबाज़ी की बदौलत टीम सी ने लक्ष्य सहजता से हासिल कर लिया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुनीत वर्मा को मैन ऑफ द सीरीज, तोमर ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़, मोहन चौहान को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़, वेद आर्या को सर्वश्रेष्ठ फील्डर तथा संजय हिन्द्वान को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर चुना गया।

दिन के पहले मुकाबले में टीम बी ने टीम ए को 41 रनों से पराजित किया। इस मैच में तोमर ठाकुर ने शानदार 106 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि धर्मेंद्र डडवाल ने 31 रन का योगदान दिया।

लीग चरण में तीनों टीमों ने एक-एक मैच जीतकर समान अंक अर्जित किए। नेट रन रेट के आधार पर टीम बी और टीम सी ने फाइनल में प्रवेश किया। यह प्रतियोगिता की एक विशेष उपलब्धि रही कि फाइनल सहित कुल चार मुकाबले खेले गए।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल डॉ. संजय शांडिल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पत्रकारों के खेल कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकता है। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री की ओर से 51 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के अंत में जिला सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने सभी खिलाड़ियों, वरिष्ठ पत्रकारों एवं सहयोगी प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। महासचिव अश्विनी शर्मा ने लीग के सफल आयोजन पर सभी को शुभकामनाएं दीं।

Share the news