
खबर अभी अभी ब्यूरो मंडी
26 जनवरी,26
मंडी जिला के पण्डोह–गोहर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। इस संबंध में 25 जनवरी 2026 की शाम को पुलिस थाना सदर मंडी में एफआईआर संख्या 35/2026, धारा 281 व 125(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता खुब राम पुत्र तेज सिंह, निवासी गांव सुराह, डाकघर नाण्डी, तहसील चच्योट, जिला मंडी, 25 जनवरी को मोटरसाइकिल संख्या HP-32A-9932 पर पण्डोह से अपने घर जा रहे थे। उनके साथ मोटरसाइकिल पर पीछे उनकी चाची जुध्या देवी सवार थीं।
जब वे जोगणी मंदिर मोड़ (सराण्डा) के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही निजी बस संख्या HP-65-2838, जो गोहर से पण्डोह की ओर जा रही थी, के चालक ने तेज रफ्तारी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े, जबकि जुध्या देवी सड़क से नीचे करीब 50–60 फीट गहरी ढांक में जा गिरीं। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नेरचौक में करवाया गया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पण्डोह–गोहर मार्ग पर हुए इस सड़क हादसे को लेकर निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





