Himachal Bus Accident: उत्तराखंड के क्वानू के पास खड्ड में गिरी एचआरटीसी बस, तीन की माैत, कई यात्री घायल

हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के नेरवा डिपो की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में अभी तक तीन लोगों की माैत की सूचना है। कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 9:30 नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस संख्या एचपी66 ए 2588 हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर क्वानू के पास नीचे शूदोई खड्ड में गिर गई है। परिचालक की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में 31 से 34 यात्री सवार थे।
बस के परिचालक ने फोन कर दी हादसे की जानकारी
हादसे में घायलों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। माैके पर एसडीआरएफ, हिमाचल व उत्तराखंड पुलिस की ओर से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे की जानकारी बस के परिचालक ने पुलिस को फोन पर दी। प्रथम दृष्टया यह जानकारी सामने आई है कि पास देते समय हादसा हुआ और बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलिकाप्टर से लाने के निर्देश
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेरवा डिपो की चौपाल-पांवटा मार्ग पर जा रही एचआरटीसी बस के उत्तराखंड में दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुखद जताया है। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन से स्थिति की जानकारी ली है और घटनास्थल के स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और घायलों को तुरंत सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल देने की प्रार्थना की है। सीएम ने गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को हेलिकाप्टर से एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।

Share the news