जिला कुल्लू की पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन

कुल्लू
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त तोरुल रवीश ने जानकारी दी है कि राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार जिला कुल्लू की समस्त ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। यह प्रक्रिया मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन कार्यक्रम के अंतर्गत 01 अक्तूबर 2025 को अर्हता तिथि मानते हुए की गई थी।

उन्होंने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पश्चात प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। इसके उपरांत पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 21(1) के अंतर्गत विकास खंड निरमंड की ग्राम पंचायत कोट एवं कोटी को छोड़कर जिला कुल्लू की शेष सभी ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियां प्रारूप-15 में दिनांक 30 जनवरी 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूचियों से संबंधित भागों की प्रतियां आम जनता के निरीक्षण हेतु उनके कार्यालय के अतिरिक्त संबंधित ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों तथा जिला परिषद कुल्लू के कार्यालयों में कार्यालय समय के दौरान निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी।

Share the news