Mandi : तीसरे एचपीएस अधिकारी जो बने मंडी जिला के एसपी, जानिए कौन हैं मंडी जिला के नए एसपी

Mandi ; 2006 बैच के एचपीएस अधिकारी विनोद कुमार को प्रदेश सरकार ने मंडी जिला के नया एसपी नियुक्त किया है। विनोद कुमार जिला के तीसरे ऐसे एसपी बन गए हैं जो एचपीएस रैंक के अधिकारी हैं। इससे पहले दो एचपीएस अधिकारी मंडी जिला के एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इनमें पहले हैं ओसी ठाकुर, जिन्होंने 01 मार्च 1988 से 01 जून 1989 तक इस पद पर अपनी सेवाएं दी। जबकि दूसरे हैं केसी सदयाल, जिन्होंने 31 जनवरी 1990 से 09 अप्रैल 1990 तक बतौर एसपी अपना कार्यभार संभाला था। अब विनोद कुमार को बतौर एचपीएस अधिकारी मंडी जैसे बड़े जिले का दायित्व सौंपा गया है। इनके अलावा इस जिले में जो भी एसपी के पद पर रहा वह आईपीएस अधिकारी ही रहा। हालांकि इसमें बहुत से ऐसे आईपीएस अधिकारी शामिल हैं जो इंडक्शन के बाद आईपीएस बने और फिर उन्हें एसपी मंडी लगाया गया। ओसी ठाकुर और केसी सदयाल भी आईपीएस बनने के बाद फिर से मंडी जिला में बतौर एसपी सेवाएं दे चुके हैं। बता दें कि मौजूदा सरकार बहुत से सीनियर एचपीएस अधिकारियों को जिलों का एसपी नियुक्त कर रही है। मौजूदा समय में बहुत से ऐसे अधिकारियों को यह अहम दायित्व सौंपे गए हैं जिनमें अब एसपी मंडी विनोद कुमार का नाम भी जुड़ गया है।

लॉ ग्रेजुएट हैं विनोद कुमार
2006 बैच के एचपीएस अधिकारी विनोद कुमार लॉ ग्रेजुएट हैं। वे सोलन जिला के धर्मपुर के रहने वाले हैं। शिमला, लाहुल व स्पिति और हमीरपुर में बतौर डीएसपी, जबकि विजिलेंस में शिमला और हमीरपुर के बाद एसपी सिक्योरिटी, एसपी विजिलेंस, एसपी पुलिस मुख्यालय और ट्रेफिक, टूरिस्ट एंड रेलवे के असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। किसी जिला में बतौर एसपी यह विनोद कुमार की पहली तैनाती है। उनकी प्राथमिकता है कि गुनहगारों को बेल की बजाय जेल मिले और इसके लिए वे जिला में एक स्पेशल सेल का गठन करने जा रहे हैं। इसके अलावा नशाखोरी को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान को और तेज गति देकर इसके खात्मे की दिशा में कार्य करने का लक्ष्य लेकर यहां आए हैं।

Share the news