ठियोग में निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा: मलबे में दबकर मजदूर की मौत

ठियोग: जनपद के ठियोग थाना क्षेत्र के तहत धमानधरी–जघोड़ा मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना 19 फरवरी को उस समय हुई जब मौके पर डंगा (रिटेनिंग वॉल) निर्माण कार्य चल रहा था। सूचना मिलते ही फागू पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की तहसील बेहट के गांव बड़ी माजरी का निवासी था। वह पिछले दो दिनों से अन्य मजदूरों के साथ यहां निर्माण कार्य में लगा हुआ था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को मजदूर लोहे की प्लेटें और शटरिंग का सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान करीब 12 से 15 फुट की ऊंचाई से अचानक भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबा गिरते ही दो मजदूर दाहिनी ओर भागकर बच निकले, जबकि मुकेश कुमार बाईं ओर भागा। इसी बीच मलबे का रुख उसकी ओर मुड़ गया और वह लोहे की प्लेटों सहित मलबे के नीचे दब गया।

साथ काम कर रहे मजदूरों ने उसे तुरंत बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस के मुताबिक उसकी दाहिनी भुजा शरीर से अलग मिली, जबकि दोनों पैरों में गहरे जख्म और फ्रैक्चर के संकेत मिले हैं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ठियोग भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई बीएनएसएस की धारा 194 के तहत की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Share the news