स्मार्ट मीटर को लेकर हमीरपुर में विवाद बढ़ा, कनेक्शन काटने पर भड़के उपभोक्ता

27 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शहर के गौड़ा इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने वाले कुछ उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद लोगों में रोष है। उपभोक्ताओं ने विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी पर डराने-धमकाने के आरोप लगाए हैं।

वीरवार को उपभोक्ता कल्याण मंच के साथ प्रभावित उपभोक्ता पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के कार्यालय पहुंचे और मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर पहले उन्हें नोटिस दिए गए और इसके बाद बिजली कनेक्शन काट दिए गए।

उपभोक्ता कल्याण मंच के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की इच्छा के विरुद्ध स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर लोगों के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें अंधेरे में रखा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि हमीरपुर शहर के एक अन्य क्षेत्र में भी उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे और एक परिवार को करीब एक महीने तक बिजली के बिना रहना पड़ा, जिसके बाद कोर्ट के हस्तक्षेप से बिजली आपूर्ति बहाल हुई।

सुरेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस अधीक्षक से विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि काटे गए बिजली कनेक्शन बहाल नहीं किए गए तो विद्युत बोर्ड के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा और कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार और विभाग ने मांगों पर गौर नहीं किया तो प्रदेशभर में लोगों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।

गौड़ा इलाके के निवासी प्रकाश गौतम ने बताया कि स्मार्ट मीटर न लगवाने के कारण उनके चार बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कनेक्शन काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुरुषोत्तम प्रकाश ने कहा कि जब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगाना चाहते तो उन्हें जबरदस्ती लगाने का प्रयास क्यों किया जा रहा है। उन्होंने पुराने मीटरों को ही जारी रखने की मांग की और स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर भी सवाल उठाए।

उपभोक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनके बिजली कनेक्शन जल्द बहाल नहीं किए गए तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Share the news