पुलिस थानों में सीसीटीवी और पावर बैकअप व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

27 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति कुल्लू की बैठक मंडलायुक्त आरके पुरुथी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पावर बैकअप, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

मंडलायुक्त आरके पुरुथी ने जिले के सभी पुलिस थानों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पावर बैकअप व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत भी सहयोग लिया जा सकता है।

बैठक में पुलिस थानों एवं पुलिस स्टेशनों में अनिवार्य सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने बताया कि जिले के सभी पुलिस थानों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कैमरे अच्छी गुणवत्ता के हैं और कार्यशील स्थिति में हैं।

उन्होंने बताया कि सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों के लिए पावर बैकअप की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निगरानी व्यवस्था प्रभावित न हो।

बैठक में जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुरजीत राठौर, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर, अधिशासी अधिकारी नगर परिषद मनाली करुण भरमोरिया, कनिष्ठ अभियंता सचिन ठाकुर, अतुल पराशर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही का संचालन मंडलायुक्त की सहायक आयुक्त सुनैना शर्मा ने किया।

Share the news