Himachal News: अब पीएचसी, सीएचसी में रोगियों को मिलेगा ऑनकॉल विशेषज्ञ परामर्श, विभाग लागू करेगा व्यवस्था

हिमाचल प्रदेश के उपकेंद्र, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब रोगियों को ऑनकॉल या वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशेषज्ञ से परामर्श मिल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। ऐसे में छोटी बीमारी के उपचार के लिए रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। केवल आपातस्थिति में ही मरीजों को ही रेफर होंगे। अभी तक उपकेंद्रों, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञों की कमी के कारण छोटी बीमारी के मामले में भी रेफर करना पड़ता है। अब स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की परेशानी को कम कर दिया है।
गंभीर मरीजों को घरद्वार पर ही उपचार की भी सुविधा प्रदान होगी। उपकेंद्र से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों से परामर्श लेंगे। ये क्रम चेन की तरह चलेगा। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों से और सीएचसी से मेडिकल कॉलेजों में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर मरीजों का उपचार कर सकेंगे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को घरद्वार पर ही बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। जहां सभी अस्पतालों में टेस्ट सुविधाएं प्रदान की जा रही है। वहीं अब ऑनकॉल चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि इन नियमाें की पालना की जाए और मरीज को वीडियो कॉल के माध्यम से परामर्श लेकर उपचार दिया जाए ताकि मरीज को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। संवाद

मरीजों को अस्पतालों में बेहतर उपचार मिले इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उपकेंद्रों समेत सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से मरीजों को ऑनकॉल सुविधा मिलेगी। मरीज की जांच करने के बाद उपकेंद्र में सामुदायिक हेल्थ अधिकारी विशेषज्ञों से ऑनकॉल या वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सलाह लेकर मरीज का उपचार आसानी से कर सकेंगे।-डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन

Share the news