ग्रामीणों ने उपायुक्त से लगाई समस्याओं के समाधान की गुहार, स्कूल भवन और सड़क समस्या उठाई

कुल्लू –
जिला कुल्लू के एक गांव के ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिलने जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से मिलकर क्षेत्र में आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवन, सड़क सुविधा और आपदा प्रभावितों को मुआवजा न मिलने का मुद्दा उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के दौरान उनका स्कूल भवन गिर गया था, जिसके बाद से बच्चों की पढ़ाई अस्थायी शेड में करवाई जा रही है। शेड में पढ़ाई होने के कारण छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की सड़क की स्थिति भी खराब है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि आपदा प्रभावित कई परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही क्षेत्र का दौरा करेंगे और मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट

Share the news