Kullu : आनी में सैनिक सम्मान कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न

आनी
— एकल अभियान गतिविधि विभाग, संभाग दक्षिण हिमाचल, भाग शिमला, अंचल आनी द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर आनी में सैनिक सम्मान कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 42 सैनिकों सहित 120 से अधिक समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सेवा-निवृत्त सैनिकों एवं शहीद परिवारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया।

मुख्य अतिथि अमर ठाकुर (पूर्व एपीएमसी चेयरमैन) ने सैनिकों के साहस, समर्पण और त्याग को राष्ट्र की सुरक्षा का आधार बताया। मुख्य वक्ता, संभाग अभियान प्रमुख अजय गजटा ने सैनिकों के अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने सेवा-निवृत्त सैनिकों से आह्वान किया कि वे सीमा पर देश की रक्षा के बाद अब समाज में जागरूकता और आंतरिक सुरक्षा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर हमारे सैनिक सीमाओं पर तैनात हैं, वहीं देश के भीतर भी शांति भंग करने वाले तत्व सक्रिय हैं, ऐसे में सशक्त समाज निर्माण की आवश्यकता है।

इस अवसर पर भाग अध्यक्ष सुनील, अंचल अध्यक्ष हंसा वर्मा सहित अंचल समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परस राम, तिलक राज शर्मा, रादेश ठाकुर (आईईडी), वीर सिंह, अंचल अभियान प्रमुख महेंद्र शर्मा, संभाग गतिविधि प्रमुख एवं अंचल गतिविधि प्रमुख मान सिंह सहित अंचल टोली और सभी संच के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। उपस्थित सैनिकों ने इस आयोजन के लिए एकल अभियान की सराहना की।

Share the news