मंडी में कार खाई में गिरी, 5 युवक घायलः पंजाब से पराशर जा रहे थे, रास्ता भटकने से हादसा

मंडी जिले के कटौला क्षेत्र में आरंग सड़क पर बथेरी के पास एक कार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह युवक पंजाब से पराशर झील घूमने जा रहे थे। वीरवार सुबह करीब 6:00 बजे यूपी नंबर की हुंडई वेन्यू कार (UP19W-4908) में सवार होकर निकले थे, लेकिन रास्ता भटककर कटौला की ओर आ गए। आरंग के पास बथेरी में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट कमांद की टीम मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कटौला ले जाया गया, जहां से उन्हें बाद में जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है। घायलों की पहचान हरियाणा निवासी छात्रों के रूप में हुई है, जो सीजीसी लांडरा के छात्र बताए जा रहे हैं। इनमें हिसार निवासी विशाल (22) पुत्र सुनील कुमार, हांसी निवासी प्रतीक (22) पुत्र जगमेंदर सिंह, झज्जर निवासी सूरज (21) पुत्र धर्म सिंह, हांसी निवासी आर्यन (22) पुत्र किशन कुमार और रोहतक के महम निवासी चालक प्रियांश (21) शामिल हैं।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण रास्ता भटकना और तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

Share the news