सोलन में AAP की बैठक, नगर निगम चुनाव के लिए सभी 17 वार्डों में उतारने की तैयारी

सोलन : आम आदमी पार्टी सोलन विधानसभा की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को विश्राम गृह में आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक विस्तार और आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान कई इच्छुक प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड से चुनाव लड़ने की सहमति जताई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी सोलन नगर निगम के सभी 17 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारेगी और मजबूत दावेदारी पेश करेगी।

पार्टी ने जनहित से जुड़े लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों से चुनाव लड़ने के लिए आगे आने का आह्वान किया। विशेष रूप से महिला उम्मीदवारों से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की गई, ताकि सोलन की जनता को एक सशक्त विकल्प मिल सके।

इस मौके पर करीब 25 युवाओं ने पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में शिमला लोकसभा के सह-प्रभारी दीपक झा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी चुनावों की रणनीति पर अपने विचार साझा किए।

— जारीकर्ता: आम आदमी पार्टी, सोलन विधानसभा

Share the news