Himachal Weather: अप्रैल के 10 दिन सामान्य से 142 फीसदी अधिक बरसे बादल, जानें एक सप्ताह कैसा रहेगा माैसम

हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के 10 दिनों में सामान्य से 142 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। माैसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में 1 से 10 अप्रैल तक 22.9 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 55.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में सामान्य से 910, चंबा 99, हमीरपुर 337, कांगड़ा 285, किन्नाैर 3, कुल्लू 87, लाहाैल-स्पीति 24, मंडी 387, शिमला 383, सिरमाैर 536, सोलन 625 व ऊना जिले में 383 फीसदी अधिक बारिश हुई।
16 अप्रैल तक ऐसा रहेगा माैसम, तापमान में आएगा बदलाव
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11, 12, 15 और 16 अप्रैल को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। उधर, अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 4-7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3-6 डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके बाद अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री बढ़ेगा। बीते 24 घंटों के दाैरान गुलेर में 10.6, जोत 10.0, कांगड़ा 9.6, कटौला 9.2, खदराला 6.4, रोहड़ू 6.0, मंडी 5.4, धर्मशाला 5.2, चौपाल 4.0, बागी और सराहन 3.0-3.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 6.8, सुंदरनगर 7.6, भुंतर 6.4, कल्पा 0.2, धर्मशाला 7.7, ऊना 10.5, नाहन 10.1, केलांग -1.0, पालमपुर 6.5, सोलन 6.8, मनाली 2.9, कांगड़ा 8.2, मंडी 10.3, बिलासपुर 10.0, डलहाैजी 6.6, जुब्बड़हट्टी 9.0, कुफरी 1.0, कुकुमसेरी 1.3, भरमाैर 2.0, सेऊबाग 4.4, बरठीं 7.9, पांवटा साहिब 14.0, सराहन 5.7, देहरा गोपीपुर 15.0 व ताबो में 0.1 डिग्र्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

धर्मपुर के समीप पहाड़ी से हाईवे पर आया मलबा, यातायात बाधित
सोलन के धर्मपुर में पहाड़ी से भूस्खलन होने की वजह से एनएच-5 कुछ समय तक बाधित रहा। इससे सड़क के दोनों तरफ लगा लंबा जाम लग गया। धर्मपुर थाना के समीप पेट्रोल पंप के पास यातायात बाधित रहा। यहां पर पहले से ही सिंगल लेन पर यातायात चल रहा था लेकिन 4:00 बजे के करीब पहाड़ी से मलबा आने की वजह से दूसरी लेन भी पूरी तरह से बंद हो गई है। इस वजह से सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।

Share the news