
घुमारवीं।
राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं का समापन समारोह हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयुष, कानून, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए मोरसिंघी हैंडबाल अकादमी को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार इन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
गौरतलब है कि मोरसिंघी हैंडबाल अकादमी की बेटियों ने हाल ही में घुमारवीं में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कोच स्नेह लता और खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।





