शिमला : सुरक्षित भविष्य के लिए प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना का लें लाभ – उपायुक्त

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि सुरक्षित भविष्य के लिए प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना का लाभ लें। उपायुक्त आज यहां प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना की जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए एक सुरक्षित पेंशन योजना है जिसमें 18-40 वर्ष के श्रमिक, जिनकी मासिक आय 15,000 रुपये से कम है, इसमें 50:50 के योगदान से शामिल होकर 60 वर्ष बाद 3,000 रुपए मासिक पेंशन पा सकते हैं। लाभार्थी को अपनी उम्र के अनुसार 55 से 200 रुपए प्रति माह जमा करने होते हैं और उतनी ही राशि यानी 50 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा दी जाती है।

लोक मित्र केंद्रों पर निःशुल्क होगा पंजीकरण
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत असंगठित कामगारों का लोक मित्र केंद्रों पर निःशुल्क पंजीकरण किया जाएगा जिसके लिए आधार कार्ड/बचत बैंक खाता/जनधन खाता व मोबाइल नंबर आवश्यक दस्तावेज हैं।

पंजीकरण के लिए पात्रता
घरेलू कामगार, बोझ उठाने वाले, भट्टे पर काम करने वाले, कचरा उठाने वाले, धोभी, फेरी वाले, कृषक कामगार, भवन एवं निर्माण, हस्तकला/हथकरघा, चर्म, ऑडियो/वीडियो कार्य/मिड-डे मील कार्यकर्ता/स्वयं रोजगार एवं मनरेगा व समान अन्य व्यवसाय वाले श्रमिक इस योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र हैं। कामगार ई.एस.आई, ई.पी.एफ, आयकर दाता व पेंशन धारक नहीं होना चाहिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, श्रम अधिकारी इन्दर नेगी, श्रम कल्याण अधिकारी श्रेय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news