कुल्लू के हिमांश सिंह गिल ने रचा इतिहास, प्रदेश टेबल टेनिस रैंकिंग में जीता कांस्य

कुल्लू –
जिला कुल्लू के युवा खिलाड़ी हिमांशु सिंह गिल ने हिमाचल प्रदेश स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। मंडी जिले में आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर हिमांशु कुल्लू जिले के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने प्रदेश स्तर पर टेबल टेनिस में पदक जीता है।
हिमाचल प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा मंडी में आयोजित इस राज्य स्तरीय रैंकिंग चैंपियनशिप में प्रदेश भर के शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग के कड़े मुकाबलों में हिमांशु ने अपने दमदार स्मैश और सटीक डिफेंस से सबको चौंकाया। सेमीफाइनल तक का सफर तय कर उन्होंने कांस्य पदक पक्का किया।
खेल विशेषज्ञों के अनुसार, टेबल टेनिस के इतिहास में आज तक कुल्लू जिले का कोई भी खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप में टॉप-3 में जगह नहीं बना पाया था। हिमांशु की इस उपलब्धि ने कुल्लू में टेबल टेनिस के भविष्य के लिए नई उम्मीद जगा दी है। जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष अरुण शर्मा व पदाधिकारियों ने इसे “कुल्लू के खेल इतिहास का सुनहरा अध्याय” बताया।
हिमांशु की इस सफलता पर उनके कोच व परिजनों ने खुशी जताई। कोच ने कहा, “हिमांशु की मेहनत और अनुशासन का नतीजा है कि आज कुल्लू का नाम प्रदेश के खेल मानचित्र पर चमका है।” हिमांशु ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और कुल्लू जिला टेबल टेनिस संघ को दिया।
हिमांशु की यह जीत कुल्लू घाटी के युवाओं को इनडोर खेलों की तरफ प्रेरित करेगी। प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास-रत है हिमांशु जैसे खिलाड़ी साबित कर रहे हैं कुल्लू जैसी जगह में सुबिधाओं की कमी के बाबजूद भी अगर लग्न हो तो बड़े सपने भी पुरे किये जा सकते हैं
फिलहाल हिमांशु का अगला लक्ष्य नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना है।
ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा…. कुल्लू….

Share the news