चार दिनों में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, कुल्लू में लोगों पर बढ़ा महंगाई का बोझ

खबर अभी अभी
कुल्लू ,
जिला कुल्लू में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देश की तेल कंपनियों द्वारा चार दिनों में दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए जाने के बाद अब लोगों को अपनी गाड़ियों में तेल भरवाना पहले के मुकाबले काफी महंगा पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार इससे पहले पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि अब दूसरी बार 83 से 87 पैसे तक का इजाफा किया गया है। ऐसे में पिछले चार दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर साढ़े तीन रुपये से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कुल्लू में भी बढ़ी हुई कीमतों का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। वाहन चालकों, टैक्सी ऑपरेटरों और आम लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ेगा, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा।
वहीं कुछ क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की खरीद पर लिमिट तय किए जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों और परिवहन सेवाओं से जुड़े चालकों ने सरकार से ईंधन कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट

Share the news