
खबर अभी अभी
करसोग, 04 जून
जनगणना-2027 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत आज उपमंडलाधिकारी नागरिक करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में एसडीएम सभागार व खंड विकास अधिकारी कार्यालय करसोग में जनगणना कार्य से संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 100 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।
प्रथम चरण में 04 जून से 06 जून तक 100 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को और दूसरे चरण में 10 जून से 12 जून तक 66 कर्मचारियों साहित कुल 166 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जनगणना संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि जनगणना सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय गतिविधियों में से एक है, जिसके आधार पर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारियों को जनगणना कार्य को गंभीरता, निष्पक्षता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी टीम वर्क की भावना से काम करें। उन्होंने कहा कि जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारी ध्यान से प्रशिक्षण प्रकिया को समझें और यदि किसी कर्मचारी को जनगणना से संबंधित किसी प्रकार का संशय रहता है वे अपने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर सकते है।
उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण और आवास जनगणना से संबंधित निर्देश पुस्तिका को ध्यान से पढ़ें और उसमें दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप जनगणना के कार्य को करना सुनिश्चित करें।
मास्टर ट्रेनर योगराज ने कार्यशाला में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना-2027 की प्रक्रिया, एचएलओ मोबाइल ऐप, आंकड़ों के संग्रहण, सत्यापन तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। मास्टर ट्रेनर द्वारा जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया गया।
गौरतलब है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाना है। इसके अंतर्गत ही मतगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर तहसीलदार करसोग एवं चार्ज ऑफिसर मतगणना पृथी चंद, सहायक कार्यालय कानूनगो एवं चार्ज क्लर्क शिल्पा ठाकुर, ग्रामीण राजस्व अधिकारी भंथल विनय कुमार सहित जनगणना कार्य से संबंधित विभागीय अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






