
खबर अभी अभी,
ऊना।
ज्येष्ठ माह के वीरवार के अवसर पर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मेले में सुरक्षा के व्यापक और कड़े प्रबंध किए हैं। मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन द्वारा मेले क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव भाटिया ने संभाली हुई है और वह लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं तथा प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। साथ ही किसी भी प्रकार की शरारती या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
मेले में उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से किए गए सुरक्षा प्रबंधों के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है।





